एसएसपी एटा ने शुक्रवार परेड की ली सलामी, पुलिस लाइन का किया व्यापक निरीक्षण
संवाददाता योगेन्द्र सिंह
एटा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा श्री श्याम नारायण सिंह द्वारा शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन एटा में परेड की सलामी लेकर परेड का निरीक्षण किया गया। इस दौरान परेड में सम्मिलित सभी पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों के टर्नआउट की गहन जांच की गई। एसएसपी एटा ने सभी पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान निर्धारित वर्दी पहनने, अनुशासन बनाए रखने तथा आमजन से मधुर व्यवहार स्थापित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के उपरांत पुलिसकर्मियों एवं आधारभूत प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे रिक्रूट आरक्षियों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से फिट रहने के उद्देश्य से दौड़ कराई गई तथा अनुशासन व एकरूपता हेतु टोलीवार ड्रिल कराई गई। परेड के दौरान पीआरवी-112 वाहनों का भी निरीक्षण किया गया। वाहनों की लाइट, हूटर, पीए सिस्टम सहित अन्य तकनीकी उपकरणों की बारीकी से जांच की गई। साथ ही पीआरवी पर तैनात पुलिसकर्मियों से दंगा नियंत्रण एवं सुरक्षा उपकरणों के संबंध में जानकारी लेकर उनकी चेकिंग की गई तथा रिस्पॉन्स टाइम को प्रभावी बनाए रखने के लिए सख्त निर्देश दिए गए। इसके पश्चात एसएसपी एटा द्वारा पुलिस लाइन परिसर स्थित मेंस, कैंटीन, बैरक, पुलिस आवासीय परिसर एवं रिक्रूट आरक्षियों के प्रशिक्षण से जुड़ी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। आधारभूत प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे रिक्रूट आरक्षियों से संवाद कर उनकी मूलभूत सुविधाओं, रहने-खाने एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली गई। कर्मचारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी सदर श्री संकल्प दीप कुशवाह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।












