एटा में एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़ – तीन आरोपी गिरफ्तार
क्राइम रिपोर्टर एटा: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने एटा जिले में अवैध हथियार निर्माण में लिप्त एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई बरेली एसटीएफ यूनिट द्वारा की गई, जिसमें भारी मात्रा में अवैध हथियार, कारतूस और शस्त्र निर्माण के उपकरण बरामद हुए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एसटीएफ को लंबे समय से एटा और आसपास के क्षेत्रों में अवैध हथियारों के निर्माण की सूचना मिल रही थी। इस पर कार्रवाई करते हुए बरेली फील्ड यूनिट के अपर पुलिस अधीक्षक अब्दुल कादिर के नेतृत्व में एक खुफिया अभियान चलाया गया। करीब 19 घंटे की सतत निगरानी और योजना के बाद कोतवाली नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत नगला चंदन में स्थित एक मकान पर छापा मारा गया।
छापेमारी के दौरान बरामदगी:
- 16 अवैध तमंचे (315 बोर व 32 बोर)
- 5 कारतूस (3 जिंदा, 2 खाली)
- हथियार निर्माण के उपकरण
- एक ऑटो वाहन (UP 82 T 9632)
गिरफ्तार आरोपी:
1. सीनू पुत्र भोलू उर्फ भोले, निवासी ग्राम बांकनेर, थाना कोतवाली कासगंज
2. मीनू पुत्र भोलू उर्फ भोले, निवासी ग्राम बांकनेर, थाना कोतवाली कासगंज
3. मोर सिंह यादव पुत्र नंदराम, निवासी शांतिविहार, थाना सुभाष नगर, बरेली
एसटीएफ सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने उक्त मकान ताले बनाने के नाम पर किराए पर लिया था, जबकि वहां पर अवैध हथियारों का निर्माण होता था। आरोपी एटा, बरेली सहित अन्य जनपदों में इन हथियारों को ऊंचे दामों पर बेचते थे। छापेमारी के समय मोर सिंह यादव एक तमंचा खरीदने आया था, जिसे रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।
कानूनी कार्यवाही:
कोतवाली नगर थाने में तीनों आरोपियों के विरुद्ध मु0अ0सं0 226/2025, धारा 3/5/25 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है।
एसटीएफ की सख्त चेतावनी:
एसटीएफ ने साफ किया है कि अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। अपराधियों के लिए अब प्रदेश में कोई सुरक्षित स्थान नहीं है।
ये भी पढ़ें सीताराम महायज्ञ के समापन पर पहुंचे कैबिनेट मंत्री झाबर सिंह खर्रा












