थाना पिलुआ में एएसपी का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के दिए निर्देश।
संवादाता अमन अहमद। 
एटा। जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और पुलिसिंग व्यवस्था को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधिकारियों द्वारा थानों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार, 19 अगस्त 2026 को अपर पुलिस अधीक्षक एटा श्वेताभ पाण्डेय ने क्षेत्राधिकारी सदर संकल्पदीप कुशवाह के साथ थाना पिलुआ का औचक निरीक्षण किया। अचानक पहुंचे पुलिस अधिकारियों को देखकर थाना परिसर में मौजूद पुलिसकर्मियों में सक्रियता बढ़ गई।
निरीक्षण के दौरान एएसपी ने थाना परिसर की व्यवस्थाओं के साथ बैरक, मैस, मालखाना, शस्त्रागार और हवालात का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित पुलिसकर्मियों से व्यवस्थाओं और अभिलेखों के संबंध में जानकारी भी ली। इसके साथ ही महिला सहायता डेस्क, मिशन शक्ति केंद्र, सीसीटीएनएस कक्ष, कंप्यूटर कक्ष तथा आगंतुक रजिस्टर का निरीक्षण किया गया।
एएसपी ने जनसुनवाई से संबंधित अभिलेखों और प्रार्थना पत्रों के निस्तारण की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि थाने पर अपनी समस्या लेकर आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत को गंभीरता से सुना जाए और प्रार्थना पत्रों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान थाना परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया। एएसपी ने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि थाना परिसर में स्वच्छता के साथ-साथ सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएं। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही पुलिसकर्मियों को आमजन के साथ बेहतर व्यवहार करते हुए पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए।












