जनपद थाना मलावन का औचक निरीक्षण, पुलिस व्यवस्था को और मजबूत करने के दिए निर्देश
संवाददाता योगेंद्र सिंह
एटा में पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा थानों का निरीक्षण लगातार किया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक एटा श्वेताभ पाण्डेय ने थाना मलावन का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर, बैरक, मैस, मालखाना, शस्त्रागार, हवालात, महिला सहायता डेस्क, मिशन शक्ति केंद्र, सीसीटीएनएस कक्ष, कंप्यूटर कक्ष सहित विभिन्न अभिलेखों एवं रजिस्टरों का गहन निरीक्षण किया। इसके अलावा थाना परिसर और शौचालयों की साफ-सफाई व्यवस्था की भी बारीकी से जांच कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अपर पुलिस अधीक्षक ने जनसुनवाई रजिस्टर का अवलोकन करते हुए निर्देशित किया कि थाने पर आने वाले प्रत्येक प्रार्थना पत्र का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को त्वरित न्याय और बेहतर पुलिस सेवा मिल सके।
उन्होंने थाना प्रभारी एवं पुलिस कर्मियों को अभिलेखों का सुव्यवस्थित रखरखाव, अनुशासन बनाए रखने, कार्यालयी कार्यों में पारदर्शिता तथा जनता के साथ संवेदनशील और सौहार्दपूर्ण व्यवहार करने के निर्देश दिए। साथ ही बेहतर पुलिसिंग के माध्यम से कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करने पर जोर दिया।












