हाथरस में टैंकर चालक की संदिग्ध हालत में मौत, केबिन में सीट पर मिला शव
संवाददाता – अश्वनी कुमार
हाथरस में मंगलवार को एक टैंकर चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। चालक का शव टैंकर के केबिन में उसकी सीट पर पड़ा मिला, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान श्याम लाल यादव (39) पुत्र राम निहोर यादव, निवासी कंजासके, थाना कंधई, जिला प्रतापगढ़ के रूप में हुई है। बताया गया है कि श्याम लाल हाथरस के सलेमपुर स्थित एक वोटिंग प्लांट में अपने टैंकर के साथ आया हुआ था। इसी दौरान कुछ लोगों ने उसे केबिन में अचेत अवस्था में देखा। पास जाकर देखने पर उसकी मौत हो चुकी थी, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम गृह भिजवाया। बुधवार सुबह मृतक के परिजन भी पोस्टमार्टम गृह पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।
हार्ट अटैक से मौत की आशंका
पुलिस की प्रारंभिक जांच में श्याम लाल यादव की मौत हार्ट अटैक से होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
बताया गया है कि श्याम लाल यादव अपने परिवार का एकमात्र सहारा था। उसके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक अपने पीछे तीन बच्चों को छोड़ गया है, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।












