नहर में डूबे युवक का शव बरामद, क्षेत्र में छाया मातम
संवाददाता योगेंद्र सिंह एटा। गुरुवार दोपहर लगभग 1:30 बजे कोतवाली नगर क्षेत्र के मोहल्ला हिंदू नगर के पांच नवयुवक स्नान करने के लिए कोतवाली देहात/थाना बागवाला क्षेत्र के अलीगंज रोड स्थित गांव पवास की नहर पर पहुंचे। नहाने के दौरान पांचों गहरे पानी में डूबने लगे।
ग्रामीणों की तत्परता से चार नवयुवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन एक युवक लापता हो गया। लापता युवक की पहचान आदित्य (19 वर्ष) पुत्र अजय कुमार निवासी हिंदू नगर थाना कोतवाली नगर के रूप में हुई।
घटना की सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्याम नारायण सिंह के निर्देशन में पीएसी के गोताखोरों ने सर्च अभियान शुरू किया। लगातार प्रयासों के बाद शुक्रवार दोपहर लगभग 12 बजे थाना मलावन क्षेत्र के छछैना नहर के पास आदित्य का शव बरामद किया गया।
शव बरामद होते ही घटनास्थल पर कोहराम मच गया। मौके पर थाना मलावन प्रभारी रोहित राठी, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली देहात जितेंद्र गौतम, थानाध्यक्ष बागवाला कपिल नैन, इंस्पेक्टर अपराध बेगराम सिंह कश्यप सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा। शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के क्षेत्रों से सैकड़ों ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए।
ये भी पढ़ें एटा सदर तहसील में एंटी करप्शन का बड़ा एक्शन












