पहली पत्नी पहुंची शादी मंडप, एटा में दूसरी शादी से पहले मचा हंगामा।
संवादाता अमन अहमद। एटा के प्रेम-गंगा मैरिज होम में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दूल्हे की पहली पत्नी पुलिस बल के साथ शादी समारोह में पहुंच गई। महिला ने अपने पति की दूसरी शादी रुकवा दी। पुलिस को देखकर दूल्हा और उसके घराती मौके से फरार हो गए। सजा हुआ मंडप खाली रह गया और वहां केवल पंडित, नाई और कुछ रिश्तेदार ही मौजूद रहे।
कासगंज जिले के नगला किलौनी निवासी पीड़िता प्रियंका ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2019 में मिरहची थाना क्षेत्र के नगला थार निवासी प्रेमप्रकाश उर्फ पप्पू से हुई थी। आरोप है कि पति अमरपुर में डॉक्टर के यहां काम करता है और बिना तलाक लिए दूसरी शादी करने पहुंचा था। इसकी जानकारी मिलने पर प्रियंका पुलिस को साथ लेकर विवाह स्थल पर पहुंची, जिससे हड़कंप मच गया।
महिला के अनुसार, पुलिस के पहुंचते ही दूल्हा और उसके परिजन भाग निकले, जबकि दुल्हन पक्ष के कुछ लोग और पंडित मौके पर ही रह गए। बताया गया है कि जिस युवती से शादी कराई जा रही थी, वह नगला बीच की रहने वाली है।
मामले में चौकी इंचार्ज विपिन भाटी ने बताया कि महिला की शिकायत पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। शिकायत पत्र कोतवाली नगर में प्राप्त हुआ है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
ये भी पढ़ें तिवारी महमदपुर क्रिकेट प्रतियोगिता का हुआ धमाकेदार आगाज












