सिद्धार्थनगर (इटवा): डॉ. रब्बानी पॉलीक्लिनिक एंड डेंटल सेंटर में चोरी की घटना को 65 घंटे बीते, पुलिस अब भी सुराग विहीन
संवाददाता श्याम नंदन शुक्ला इटवा (डुमरियागंज रोड), सिद्धार्थनगर: नगर पंचायत इटवा स्थित डॉ. रब्बानी पॉलीक्लिनिक एंड डेंटल सेंटर में चोरी की वारदात को तीन दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक चोरों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। घटना रात लगभग 9:30 बजे की है, जब क्लीनिक में घुसकर चोरों ने हाथ साफ किया।
घटना के बाद सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई है, मगर अभी तक किसी संदिग्ध की पहचान नहीं हो सकी है। जिले की पुलिस, सर्विलांस यूनिट और एसओजी टीम जांच में जुटी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस प्रगति सामने नहीं आई है।
स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों में इस घटना को लेकर गहरी चिंता और नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि अगर नगर पंचायत जैसे क्षेत्र, जहां हर मोड़ पर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, वहां भी चोर बेखौफ वारदात को अंजाम दे सकते हैं, तो आमजन की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी?
एक व्यापारी ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा,
“अगर मुख्य चौराहे और पेट्रोल पंप के आसपास रात 9 बजे चोरी हो सकती है, तो बाकी इलाके कितने असुरक्षित होंगे?”
लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द इस घटना का खुलासा किया जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि पुलिस ने इस बार तत्परता नहीं दिखाई, तो क्षेत्र में भय का माहौल गहराता जाएगा और आमजन का कानून-व्यवस्था से भरोसा उठ जाएगा।
अब सभी की नजरें पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।
ये भी पढ़ें लखनऊ-गोंडा मार्ग पर भीषण हादसा, 11 लोगों की दर्दनाक मौत












