घर की अलमारी से लाखों रुपये और जेवरात उड़ा ले गए चोर, इलाके में मचा हड़कंप
मंडल संवाददाता अमित चौहान
सिढ़पुरा (कासगंज)। थाना क्षेत्र के मोहल्ला इन्द्रपुरी में बुधवार की रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये नकद और बहुमूल्य जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। इस सनसनीखेज चोरी की वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, मोहल्ले के निवासी महेश चंद्र दुबे अपने बेटे दीपक दुबे के साथ किसी निजी कार्य से घर से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने मौके का फायदा उठाकर उनके मकान का ताला तोड़ दिया और अंदर रखी अलमारी (सेफ) को तोड़कर उसमें रखे नकद रुपये और कीमती गहने चोरी कर लिए। चोरी गए सामान में 9 जेंट्स अंगूठियां, 12 लेडीज अंगूठियां, 2 जेंट्स चेन, 3 लेडीज चेन, 4 झुमके (2 जोड़ी), 3 जोड़ी टॉप्स, 4 चूड़ियां, सोने का मंगलसूत्र, लगभग 500 ग्राम चांदी और करीब 90 हजार रुपये नकद शामिल हैं। महेश चंद्र की पत्नी प्रेमलता दुबे ने बताया कि जब वह अलमारी से पैसे निकालने गईं तो ताले टूटे हुए मिले। उन्होंने तत्काल अपने पुत्र को सूचना दी और थाने में चोरी की तहरीर दी गई। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी पटियाली संदीप वर्मा और थाना अध्यक्ष पवन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्रित किए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और संदिग्धों की तलाश की जा रही है।
इस चोरी की घटना से कस्बे के लोगों में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।












