मैनपुरी में दर्दनाक सड़क हादसा: शादी में जा रहे युवक की मौत, दो घायल
संवाद दाता: पंकज मिश्रा
मैनपुरी। गुरुवार की रात करीब 9 बजे हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों युवक बाइक से शादी समारोह में शामिल होने मैनपुरी आ रहे थे। जानकारी के अनुसार, कुरावली क्षेत्र के निजामपुर निवासी मेघप्रताप अपने दो साथियों के साथ बाइक से शादी में शामिल होने मैनपुरी आ रहा था। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया। हादसे में मेघप्रताप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दोनों साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और घटना की सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।












