शादी समारोह में चली गोली, दो मौसेरे भाई गंभीर घायल
जिला संवाददाता काव्यांश रावत एटा। शहर के कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित बालाजी गेस्ट हाउस में चल रहे एक शादी समारोह की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब अचानक पिस्टल से गोली चलने के कारण दो मौसेरे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गेस्ट हाउस में अफरा-तफरी मच गई और शादी समारोह में मौजूद लोगों के बीच हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, अंश गुप्ता और वंश गुप्ता अपनी मौसी की शादी में शामिल होने के लिए आए थे। इसी दौरान अंश गुप्ता के पास मौजूद पिस्टल से अचानक गोली चल गई। गोली की चपेट में दोनों मौसेरे भाई आ गए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना होते ही परिजनों और मौजूद लोगों ने तत्काल दोनों घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों की निगरानी में दोनों की हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।
उधर, घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गोली किस परिस्थितियों में चली और घटना के पीछे कोई लापरवाही या अन्य कारण तो नहीं है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और घायलों के परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है। शादी समारोह में हुई इस घटना से दोनों परिवारों में खुशी का माहौल गम में बदल गया है।
ये भी पढ़ें काली नदी किनारे आबकारी विभाग की बड़ी छापेमारी, 30 लीटर कच्ची शराब बरामद












