भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच यूपी में अलर्ट, काशी विश्वनाथ मंदिर की सुरक्षा कड़ी
वाराणसी: भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए उत्तर प्रदेश में सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया गया है। विशेष रूप से धार्मिक और संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जा रहा है। इसी क्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में भी हाई अलर्ट घोषित किया गया है।
बनारस के प्रमुख धार्मिक स्थल श्री काशी विश्वनाथ मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को विशेष रूप से बढ़ाया गया है। मंदिर प्रशासन और पुलिस की ओर से मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की चेकिंग व्यवस्था को कड़ा किया गया है। हर आने-जाने वाले व्यक्ति की गहन जांच की जा रही है ताकि किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि को रोका जा सके।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में डॉग स्क्वायड और बम स्क्वायड टीम ने मंदिर परिसर, घाटों और मंदिर तक जाने वाले रास्तों पर व्यापक जांच अभियान चलाया। यात्रियों के सामान और वाहनों की भी गहन तलाशी ली जा रही है।
काशी विश्वनाथ मंदिर प्रशासन ने भी अपनी ओर से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त कदम उठाए हैं। सीसीटीवी निगरानी को और अधिक प्रभावी बनाया गया है तथा निजी सुरक्षा कर्मियों की संख्या भी बढ़ाई गई है।
गौरतलब है कि भारत-पाकिस्तान के बीच हाल ही में सीमा पर बढ़े तनाव के मद्देनजर यह अलर्ट जारी किया गया है। खुफिया एजेंसियों ने भी आतंकी गतिविधियों की संभावनाओं को लेकर चेतावनी दी है, जिसके बाद वाराणसी सहित पूरे प्रदेश में सुरक्षा को लेकर सतर्कता बरती जा रही है।
प्रशासन की ओर से आम जनता से भी अपील की गई है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें और अफवाहों पर ध्यान न दें।
ये भी पढ़ें सरकार का बड़ा फैसला:- भारत में पाकिस्तानी कंटेंट पर पूरी तरह रोक












