मंदिरों को निशाना बनाने वाले शातिर चोर गिरफ्तार, कई जिलों में फैला था गिरोह का नेटवर्क।
संवादाता अमन अहमद।
एटा। जनपद एटा की थाना पिलुआ पुलिस ने मंदिरों में चोरी की घटनाओं का सफल खुलासा करते हुए अंतरजनपदीय गिरोह के दो शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 39 छोटे-बड़े पीतल के घंटे, एक सफेद धातु का छत्र, 15 हजार रुपये नकद, चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा वारदात में इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद किए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में लगातार हो रही मंदिर चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है। मामले का खुलासा उस समय हुआ जब 16 जून को ग्राम बंथल कुतकपुर निवासी ओमकार सिंह ने चंडी माता मंदिर से लगभग 100 किलोग्राम वजन के पीतल के घंटे, माता का मुकुट और चांदी का छत्र चोरी होने की शिकायत थाना पिलुआ में दर्ज कराई। शिकायत के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा डॉ. इलामारन के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने बुलंदशहर निवासी योगेश उर्फ लाला तथा मिरहची निवासी विनोद कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने कई अन्य मंदिरों में चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की। उन्होंने सकरौली क्षेत्र के तलिया वाली माता मंदिर, जसरथपुर के प्राचीन शिव मंदिर समेत पिलुआ क्षेत्र के अन्य धार्मिक स्थलों से घंटे और धार्मिक सामग्री चोरी करने की बात कबूल की। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पहले सुनसान और गांवों से दूर स्थित मंदिरों की रेकी करते थे। मंदिरों की गतिविधियों और समय-सारिणी की जानकारी जुटाने के बाद वे रात के समय चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस के अनुसार चोरी किए गए सामान को कबाड़ियों और अन्य लोगों को औने-पौने दामों में बेच दिया जाता था। दोनों आरोपी पेशेवर अपराधी हैं और उनके खिलाफ एटा, बुलंदशहर, कासगंज, हापुड़, गाजियाबाद तथा गौतमबुद्ध नगर सहित कई जिलों में चोरी, गैंगस्टर और अन्य गंभीर धाराओं के मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त करने वालों की भी जांच कर रही है।












