ग्राम पंचायत होर्ची में सामूहिक शौचालय बना शोपीस, गंदगी से परेशान ग्रामीण
संवाददाता योगेंद्र सिंह एटा। विकासखंड निधौली कला के अंतर्गत ग्राम पंचायत होर्ची में बना सामूहिक शौचालय महज शोपीस बनकर रह गया है। ग्राम प्रधान द्वारा शौचालय पर ताला जड़ दिए जाने से ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा स्वच्छता अभियान को सफल बनाने की है, लेकिन ग्राम प्रधान की लापरवाही उस पर पानी फेर रही है। शौचालय बंद होने के कारण गांव की गलियों और रास्तों में गंदगी फैल रही है। कीचड़ से लबालब गलियों से गुजरने के लिए लोग मजबूर हैं।
लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद नालियों की सफाई तक नहीं कराई गई। इससे गांव में बदबू और बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ रहा है। ग्रामीणों ने साफ कहा कि ग्राम प्रधान और सचिव की लापरवाही से गांव विकास से कोसों दूर है।
इस मामले पर सीडीओ एटा ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा है कि प्रधान और सचिव के खिलाफ उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें विश्व हिंदू परिषद स्थापना दिवस समारोह हर्षोल्लास से सम्पन्न












