उत्तर प्रदेश में मौसम का तांडव, लखनऊ समेत 40 जिलों में भारी बारिश और ओलों की चेतावनी
संवाददाता बिपिन मिश्रा
लखनऊ / उत्तर प्रदेश में एक बार फिर कुदरत के तेवर तल्ख नजर आ रहे हैं। सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ ने पूरे प्रदेश के मौसम का गणित बिगाड़ दिया है। मौसम विभाग ने राजधानी लखनऊ समेत राज्य के 40 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए अगले 24 से 48 घंटों में भारी बारिश और ओलावृष्टि की आशंका जताई है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, प्रदेश के कई हिस्सों में 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधियां और तेज हवाएं चलने की संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के चुनिंदा जिलों में ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। बेमौसम हो रही यह ओलावृष्टि खेतों में खड़ी फसलों के लिए काल साबित हो सकती है, जिससे किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें खिंच गई हैं।
लखनऊ में बीती शाम से ही बादलों ने डेरा डाल रखा है। आज सुबह से ठंडी हवाओं के चलने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। शहर में किसी भी वक्त हल्की से मध्यम बारिश शुरू हो सकती है। मौसम विभाग ने खास तौर पर पश्चिमी और पूर्वी यूपी के जिलों को सतर्क रहने की सलाह दी है। आकाशीय बिजली गिरने की भी प्रबल संभावना है, इसलिए लोगों को खराब मौसम के दौरान पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे न रुकने की सलाह दी गई है। अचानक आए इस बदलाव से दिन के तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है। स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहें और अनावश्यक यात्रा से बचें।












