सहरसा में छोटू मिश्रा हत्याकांड का खुलासा: 7 साल पुराने बदले में बरसी 12 गोलियां, 5 आरोपी गिरफ्तार
संवाददाता शिक्षा तिवारी
सहरसा: जिले में चर्चित छोटू मिश्रा हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया है कि यह हत्या सात साल पुराने दुश्मनी और बदले की आग का परिणाम थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में पांच अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार करीब सात वर्ष पहले अपराधी करण उर्फ टाइगर को अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी थी। उस समय उसे छह गोलियां लगी थीं और इस हमले के पीछे छोटू मिश्रा का नाम सामने आया था। उसी घटना का बदला लेने के लिए छोटू मिश्रा की हत्या की साजिश रची गई। बताया जा रहा है कि घटना की रात करीब 10 बजे हमलावरों ने छोटू मिश्रा को घेर लिया और उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। अपराधियों ने उस पर 12 गोलियां चलाईं, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस हत्याकांड में शामिल पांच अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने सात साल पहले हुए करण उर्फ टाइगर पर हमले का बदला लेने के लिए हत्या करने की बात कबूल की है।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और इस मामले में अन्य संदिग्धों की तलाश भी की जा रही है। साथ ही घटना में प्रयुक्त हथियारों की बरामदगी के लिए भी छापेमारी की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।












