गुरुग्राम से लौटते समय सड़क हादसे में युवक की मौत, पत्नी और साला घायल
संवादाता अमन अहमद: एटा। गुरुग्राम के मानेसर में नौकरी कर रहे एक युवक की गुरुवार देर रात सड़क हादसे में मौत हो गई। तबीयत बिगड़ने के चलते वह पत्नी और साले के साथ बाइक से घर लौट रहा था। कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव नरहरा के पास हाईवे पर लघुशंका के दौरान ऑटो की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और साला घायल हो गए।
मृतक की पत्नी सुमन ने बताया कि वह एक सप्ताह पूर्व अपने पति रामरूप (36) के साथ मानेसर गई थीं। रामरूप वहां एक कंपनी में काम करते थे। बीते दो दिनों से उनकी तबीयत खराब थी, इसलिए वह गुरुवार रात बाइक से घर लौट रहे थे। उनके साथ साले बृजेश भी था। रास्ते में नरहरा गांव के पास हाईवे पर बाइक रोककर रामरूप लघुशंका के लिए उतरे, तभी तेज रफ्तार ऑटो ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां डॉक्टरों ने रामरूप को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। हादसे के बाद मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है, पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।












