बवांरा में महिलाओं को सुरक्षा के प्रति किया गया जागरूक
संवाददाता बृजेन्द्र मौर्य
फतेहपुर (गाजीपुर)। महिलाओं की सुरक्षा और जागरूकता के उद्देश्य से मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत गुरुवार को कंपोजिट विद्यालय सोनबरसा और बवांरा ग्राम पंचायत में गाजीपुर पुलिस द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लघु फिल्म दिखाकर महिलाओं को आत्मरक्षा, साइबर सुरक्षा और हेल्पलाइन सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम का आयोजन थाना प्रभारी निरीक्षक हनुमान प्रताप सिंह के निर्देशन में किया गया। मिशन शक्ति प्रभारी उपनिरीक्षक जेपी पांडेय और महिला कांस्टेबल पूनम बाजपेयी ने महिलाओं को मिशन शक्ति अभियान के तहत विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने की अपील की। महिलाओं को बताया गया कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करें। पुलिस पीड़िता की पहचान और जानकारी को गोपनीय रखेगी। कार्यक्रम में निम्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई।1090 वीमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 102 गर्भवती महिला व नवजात शिशु एम्बुलेंस सेवा, 108 सामान्य एम्बुलेंस सेवा, 1098 चाइल्ड लाइन, 101 अग्निशमन सेवा और 1930 साइबर क्राइम हेल्पलाइन। इस मौके पर प्रधान प्रतिनिधि शिवम सिंह कछवाह, विपिन दीक्षित, राजा सिंह गौतम, कपिल सिंह गौतम सहित सैकड़ों महिलाएं मौजूद रही।












