जनपद एटा में कैलाश मंदिर के पास तेज रफ्तार कार का कहर, युवक गंभीर घायल

जनपद एटा में कैलाश मंदिर के पास तेज रफ्तार कार का कहर, युवक गंभीर घायल

संवाददाता योगेन्द्र सिंह

एटा के थाना कोतवाली नगर क्षेत्र में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। कैलाश मंदिर के समीप 38 वर्षीय व्यक्ति उस समय गंभीर रूप से घायल हो गया, जब एक तेज रफ्तार अज्ञात कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल व्यक्ति की पहचान मूलचंद पुत्र दरबारी लाल निवासी कैलाशगंज के रूप में हुई है। बताया गया कि मूलचंद गुरुवार की शाम मंदिर की ओर घूमने आए थे। इसी दौरान तेज गति से आ रही एक कार ने लापरवाहीपूर्वक उन्हें टक्कर मार दी और चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मूलचंद सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की सहायता से घायल युवक को तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी वार्ड में गुरुवार शाम करीब 7:00 बजे भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम द्वारा उनका उपचार किया जा रहा है। चिकित्सकों के अनुसार घायल की हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना कोतवाली नगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी है, ताकि अज्ञात वाहन और चालक की पहचान की जा सके। पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही आरोपी वाहन को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

स्थानीय लोगों ने कैलाश मंदिर के पास वाहनों की तेज रफ्तार पर नाराजगी जताते हुए पुलिस प्रशासन से सड़क पर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ाने की मांग की है।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें