संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत, फांसी पर लटका मिला शव
लालगंज, प्रतापगढ़।लालगंज कोतवाली क्षेत्र के अर्जुनपुर गांव में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक का शव कमरे के अंदर फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अर्जुनपुर निवासी मुकेश सरोज का पुत्र पंकज सरोज (22) शनिवार रात भोजन करने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया था। रविवार सुबह देर तक जब उसका कमरा नहीं खुला तो परिजनों ने आवाज लगाई। अंदर से कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर आशंका बढ़ी और दरवाजा तोड़कर देखा गया, जहां पंकज फंदे से लटका मिला।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। वहीं फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।स्थानीय लोगों के बीच दबी जुबान में चर्चा है कि मृतक किसी निजी कारण से मानसिक तनाव में था, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
संवाददाता सदानंद द्विवेदी
ये भी पढ़ें 7 जुलाई को प्रतापगढ़ आएंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, GIC ग्राउंड में करेंगे जनसभा।












