कोड़रा मोड़ के पास करंट लगने से युवक की मौत, परिजनों ने विद्युत विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप
जिला संवादाता काव्यांश रावत__ एटा जनपद के थाना अवागढ़ क्षेत्र के कोड़रा मोड़ के समीप रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें 30 वर्षीय युवक विजयपाल पुत्र सुरेश की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि विजयपाल रास्ते से गुजर रहा था, तभी अचानक खुले विद्युत तार की चपेट में आ गया। हादसे के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। परिजन मृतक का शव लेकर अवागढ़ विद्युत केंद्र पहुंचे और विभागीय लापरवाही के खिलाफ जमकर हंगामा किया।
ग्रामीणों का कहना था कि विद्युत तारों की मरम्मत समय पर न होने और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण यह हादसा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस, तहसीलदार, राजस्व विभाग एवं विद्युत विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को शांत कराया। अधिकारियों ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस घटना से गांव और आसपास के क्षेत्रों में शोक और आक्रोश का माहौल है।
ये भी पढ़ें जानिए दुनिया को बदलने का हथियार,धार्मिक मुद्दों के विभाजन पर रोचक तथ्य












