रास्ते में खड़े होने को लेकर विवाद, फायरिंग में युवक घायल
मंडल संवाददाता अमित चौहान
अलीगढ़। जनपद अलीगढ़ के थाना क्वार्सी क्षेत्र स्थित जीवनगढ़ गली नंबर-8 में रविवार देर रात रास्ते में खड़े होने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष की ओर से फायरिंग कर दी गई, जिसमें एक युवक गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस के अनुसार, साजिद और माहिर पक्ष के बीच कहासुनी के बाद झगड़ा हुआ। इसी दौरान माहिर पक्ष के किसी व्यक्ति द्वारा की गई फायरिंग में साजिद के रिश्ते के भाई नावेद के बाजू में गोली लग गई। घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही थाना क्वार्सी पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित पक्ष के दो व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है तथा मामले में मुकदमा दर्ज कर अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। मामले की जांच जारी है।












