एटा में संचारी रोग अभियान को लेकर डीएम सख्त, माइक्रो प्लान के तहत काम करने के निर्देश

एटा में संचारी रोग अभियान को लेकर डीएम सख्त, माइक्रो प्लान के तहत काम करने के निर्देश

जिला संवादाता काव्यांश रावत डेंगू-चिकनगुनिया से बचाव को लेकर जनजागरूकता बढ़ाने पर जोर, स्वास्थ्य योजनाओं की भी हुई समीक्षा

एटा। कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी सभागार में जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति तथा विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग समेत विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं और आगामी अभियान की तैयारियों की समीक्षा की गई।

 

जिलाधिकारी ने 1 से 31 अक्टूबर तक चलने वाले विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान को प्रभावी बनाने के लिए सभी विभागों को अपने माइक्रो प्लान के अनुसार समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान की प्रगति की सप्ताह में दो बार समीक्षा की जाएगी।

डीएम ने साफ-सफाई, जलभराव की रोकथाम और मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त करने के साथ ही डेंगू, चिकनगुनिया समेत वर्षाजनित बीमारियों से बचाव के लिए लोगों को जागरूक करने पर जोर दिया। ग्रामीण क्षेत्रों में अभियान को प्रभावी बनाने के लिए बीडीओ समेत संबंधित अधिकारियों को भी निर्देश दिए गए।

बैठक में संस्थागत प्रसव बढ़ाने, गर्भवती महिलाओं की नियमित मॉनिटरिंग, जननी सुरक्षा योजना की फीडिंग और आशा कार्यकर्ताओं के भुगतान की भी समीक्षा हुई। डीएम ने सभी पात्र बच्चों का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के तहत टीबी मरीजों की जांच, पहचान, उपचार और नियमित दवा सेवन की निगरानी के निर्देश दिए गए। वहीं, प्रत्येक ब्लॉक से प्रतिमाह दो बच्चों को राष्ट्रीय पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती कराने तथा जरूरतमंद बच्चों को समय से चश्मा उपलब्ध कराने को कहा गया।

परिवार नियोजन को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करने के लिए जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।

 

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्रा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेंद्र प्रसाद, एसीएमओ डॉ. राममोहन तिवारी समेत स्वास्थ्य एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें