एंबुलेंस में मरीज नहीं, बोरियों में भरा था 90 किलो गांजा, पुलिस ने चालक को दबोचा

एंबुलेंस में मरीज नहीं, बोरियों में भरा था 90 किलो गांजा, पुलिस ने चालक को दबोचा

दैनिक चक्र ब्यूरो देहरादून  श्रीनगर। पौड़ी पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक एंबुलेंस से 90 किलो अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस ने गांजे की तस्करी के आरोप में एंबुलेंस चालक को गिरफ्तार कर वाहन सीज कर दिया। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 45 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस अब इस खेप से जुड़े अन्य लोगों और पूरी सप्लाई चेन की जानकारी जुटाने में लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने जनपद में नशीले पदार्थों की बिक्री, आपूर्ति और परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए सभी थाना प्रभारियों को सघन चेकिंग और तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी श्रीनगर तपेश कुमार के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक कोतवाली श्रीनगर कुलदीप सिंह के नेतृत्व में रविवार तड़के पुलिस टीम वाहनों की चेकिंग कर रही थी। आवास विकास ग्राउंड, श्रीनगर के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने वाहन संख्या UK14-PA-0539 इको एंबुलेंस को रोका। संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने एंबुलेंस की तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन के भीतर नौ कट्टों में छिपाकर रखा गया 90 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से चालक रविन्द्र सिंह बिष्ट (45) चौरास, थाना कीर्तिनगर, टिहरी गढ़वाल, हाल निवासी श्रीनगर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह श्रीकोट में एंबुलेंस का संचालन करता है। वह अपने एक सहयोगी के साथ रुद्रप्रयाग क्षेत्र से गांजे की खेप लेकर श्रीनगर आ रहा था। आरोपी के मुताबिक गांजा रुद्रप्रयाग से कम कीमत पर खरीदकर श्रीनगर में अधिक दाम पर बेचने की योजना थी। पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में भी मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त रहा है और इस काम से आर्थिक लाभकमाता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली श्रीनगर में मुकदमा अपराध संख्या 53/2026, धारा

 

8/20/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

पुलिस उसके आपराधिक इतिहास और पूछताछ से सामने आए तथ्यों की भी जांच कर रही है। आरोपी के खिलाफ वर्ष 2015 में आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत भी मुकदमा दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे श्रीनगर में किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। साथ ही तस्करी में शामिल अन्य आरोपियों और नेटवर्क से जुड़े लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक पंकज तिवाड़ी, उपनिरीक्षक विजय शैलानी समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे।

ये भी पढ़ें चीनी के दामों में बढ़ोतरी को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें