कुंडा-बाबागंज को 30 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात
बूढ़ेपुर में बकुलाही नदी पर बनेगा पुल, डेरवा-गलगली और बाघराय-राजापुर मार्ग का होगा चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण
संवाददाता -दीप चन्द्र पाण्डेय कुंडा/प्रतापगढ़। कुंडा और बाबागंज विधानसभा क्षेत्र में सड़क एवं पुल निर्माण से जुड़ी तीन बड़ी परियोजनाओं को शासन से स्वीकृति मिलने के बाद क्षेत्र में विकास की नई उम्मीद जगी है। लोक निर्माण विभाग की ओर से इन कार्यों के लिए ई-निविदा प्रक्रिया शुरू किए जाने की जानकारी दी गई है। तीनों परियोजनाओं की कुल अनुमानित लागत 30 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है।
इन परियोजनाओं को स्वीकृति दिलाने में जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कुंडा विधायक कुंवर रघुराज प्रताप सिंह ‘राजा भइया’ के मार्गदर्शन तथा बाबागंज विधायक विनोद सरोज के प्रयासों का उल्लेख किया गया है।
पहली परियोजना कुंडा विधानसभा क्षेत्र के बूढ़ेपुर पियारिया से सरई नाहर संपर्क मार्ग पर बकुलाही नदी के ऊपर लघु सेतु एवं पहुंच मार्ग निर्माण की है। करीब 2 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित इस पुल की मांग ग्रामीण लंबे समय से कर रहे थे। बरसात के दौरान नदी का जलस्तर बढ़ने पर आसपास के कई गांवों का संपर्क प्रभावित होता था। पुल बनने से स्कूली बच्चों, किसानों, मरीजों और आम राहगीरों को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है।
दूसरी और प्रमुख परियोजना सगरा सुंदरपुर-बाबूगंज-डेरवा-गलगली मार्ग के किलोमीटर 12.200 से 22.500 तक करीब 10 किलोमीटर मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण की है। इस परियोजना पर लगभग 16 करोड़ 10 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। डेरवा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण इस मार्ग के बेहतर होने से स्थानीय आवागमन के साथ व्यापारिक गतिविधियों और आसपास के प्रमुख धार्मिक स्थलों तक पहुंच में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
तीसरी परियोजना बाबागंज विधानसभा क्षेत्र के बाघराय-राजापुर संपर्क मार्ग की है। करीब साढ़े छह किलोमीटर लंबे इस मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के लिए 9 करोड़ 40 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत होने की जानकारी है। मार्ग के बेहतर होने से बाघराय, राजापुर और आसपास के गांवों एवं बाजारों के बीच आवागमन सुगम होने के साथ किसानों को कृषि उपज के परिवहन में भी सुविधा मिलने की उम्मीद है।
तीनों परियोजनाओं की स्वीकृति के बाद कुंडा-बाबागंज क्षेत्र के ग्रामीणों में उत्साह का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन सड़कों और पुलों के निर्माण से वर्षों से चली आ रही आवागमन संबंधी समस्याओं में काफी हद तक सुधार हो सकता है।
ये भी पढ़ें प्रतापगढ़ एक्सपायरी एनर्जी ड्रिंक पीने से युवक की तबीयत बिगड़ी, खाद्य विभाग ने लिया नमूना












