कुंडा में चार वर्षीय मासूम को सांप ने डंसा, इलाज के दौरान मौत
जिला संवाददाता अमित शुक्ला
कुंडा, प्रतापगढ़। लगातार हो रही बारिश के बीच कुंडा क्षेत्र में दर्दनाक हादसा सामने आया है। सरियावां ताजपुर गांव में चार वर्षीय मासूम बच्ची की विषैले जीव के काटने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, कुंडा कोतवाली क्षेत्र के सरियावां ताजपुर गांव निवासी राजेश कुमार की चार वर्षीय पुत्री राधिका घर के पास खेल रही थी। इसी दौरान उसे सांप ने डंस लिया। बच्ची की चीख सुनकर परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे और उसकी हालत बिगड़ने पर आनन-फानन में उसे कुंडा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गए।
चिकित्सकों ने बच्ची का उपचार शुरू किया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। घटना से गांव में भी शोक का माहौल है।
परिजनों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण सांप और अन्य जहरीले जीव-जंतु अपने ठिकानों से निकलकर घरों और आबादी वाले क्षेत्रों की ओर आ रहे हैं। ग्रामीणों ने बारिश के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
ये भी पढ़ें शारदा सहायक नहर में मिला 17 वर्षीय किशोर का शव, रात में मिले थे कपड़े











