राम मंदिर की कमान अब पूर्व एयर मार्शल के हाथ, जितेंद्र मिश्रा बने CEO

अयोध्या। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने मंदिर की प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में बड़ा फैसला लिया है। सेवानिवृत्त एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा को श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का पहला मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त किया गया है।

जितेंद्र मिश्रा भारतीय वायुसेना में करीब 38 वर्षों तक सेवा दे चुके हैं। वह फाइटर पायलट, कॉम्बैट लीडर और टेस्ट पायलट के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। जनवरी 2025 में उन्होंने भारतीय वायुसेना की वेस्टर्न एयर कमांड की कमान संभाली थी।

ऑपरेशन सिंदूर के दौरान वेस्टर्न एयर कमांड की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रही। जितेंद्र मिश्रा बाद में ऑपरेशन से जुड़े अनुभवों को लेकर सार्वजनिक रूप से भी अपनी बातें साझा कर चुके हैं। S-400 एयर डिफेंस सिस्टम की भूमिका और पाकिस्तान की ओर से उसकी लोकेशन पता करने के प्रयासों को लेकर भी उन्होंने जानकारी दी थी।

अब सैन्य क्षेत्र के अनुभवी अधिकारी जितेंद्र मिश्रा के सामने अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर से जुड़ी विशाल प्रशासनिक व्यवस्था को संभालने की चुनौती होगी। मंदिर परिसर का संचालन, श्रद्धालुओं की सुविधाओं का बेहतर प्रबंधन, विभिन्न परियोजनाओं का समन्वय और ट्रस्ट की प्रशासनिक व्यवस्था को व्यवस्थित करना उनकी प्रमुख जिम्मेदारियों में शामिल रहेगा।

जितेंद्र मिश्रा को उनकी सैन्य सेवाओं के लिए अति विशिष्ट सेवा पदक और विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया जा चुका है।

उनकी नियुक्ति ऐसे समय हुई है जब राम मंदिर परिसर का विस्तार और श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के बीच प्रशासनिक व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया जा रहा है। ट्रस्ट के इस फैसले को मंदिर प्रबंधन में पेशेवर और व्यवस्थित प्रशासन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

ये भी पढ़ें मॉडल स्कूल लालगंज में जलभराव, पानी में अठखेलियां करते दिखे बंदर

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें