प्रतापगढ़ बारिश में ढहा कच्चा मकान, बाल-बाल बचा परिवार; सरकारी स्कूल में बिताया पूरा दिन
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा
प्रतापगढ़।
प्रतापगढ़। रातभर हुई भारी बारिश के कारण नगर कोतवाली क्षेत्र के महुली स्थित भोरई का पुरवा में एक गरीब परिवार का कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। गनीमत रही कि हादसे के समय परिवार के लोग सुरक्षित बाहर निकल आए और किसी की जान नहीं गई।
बताया जा रहा है कि गुलाब हरिजन का कच्चा मकान बारिश के चलते ढह गया। मकान गिरने के बाद परिवार के सामने रहने और सामान सुरक्षित रखने का संकट खड़ा हो गया। मजबूरी में परिवार ने पूरा दिन सरकारी स्कूल में गुजारा।
परिवार का कहना है कि उन्होंने कॉलोनी/आवास के लिए महीनों पहले आवेदन किया था, लेकिन अब तक उसका निस्तारण नहीं हो सका। आर्थिक तंगी और गरीबी के कारण परिवार जर्जर कच्चे मकान में रहने को मजबूर था। बारिश ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार की स्थिति का तत्काल संज्ञान लेते हुए आवास उपलब्ध कराने और जरूरी राहत सामग्री मुहैया कराने की मांग की है।











