नवाबगंज में बारिश बनी आफत, कच्ची दीवार गिरने से डेढ़ वर्षीय मासूम की मौत
जिला संवाददाता अमित शुक्ला
प्रतापगढ़। लगातार हो रही बारिश के बीच नवाबगंज थाना क्षेत्र में बुधवार को दर्दनाक हादसा हो गया। तेज बारिश के कारण एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। मलबे में दबने से डेढ़ वर्षीय मासूम प्रियांश की मौत हो गई।
हादसा नवाबगंज क्षेत्र के छोटी कोथरिया गांव में हुआ। बताया जा रहा है कि चंद्रप्रकाश यादव का कच्चा मकान लगातार बारिश के चलते कमजोर हो गया था। बुधवार सुबह अचानक मकान की दीवार ढह गई और मासूम प्रियांश मलबे की चपेट में आ गया।
हादसे के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर मासूम को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मृतक प्रियांश दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मचा है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर है। घटना की सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।











