मथुरा पाकिस्तान से धमकी का फोन! मांट विधायक को परिवार समेत उड़ाने की धमकी
रिपोर्ट जय भगवान बघेल मथुरा। मांट विधायक एवं भाजपा के प्रदेश महामंत्री राजेश चौधरी को कथित तौर पर पाकिस्तान से आए धमकी भरे वाट्सऐप कॉल ने सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े कर दिए हैं। सोमवार और मंगलवार को लगातार दो बार विधायक के मोबाइल पर वाट्सऐप कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को पाकिस्तानी निवासी बताया और विधायक को सीधे धमकी दे डाली।
विधायक के अनुसार, फोन करने वाले ने कहा कि “आप मुस्लिमों के लिए उल्टा-सीधा बोलते हो, यह ठीक नहीं होगा।” इसके बाद उसने कथित रूप से खुद को लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा बताया और कहा कि “इंडिया में ही आपका इंतजाम करा दूंगा।”
धमकी का लहजा यहीं नहीं थमा। आरोप है कि कॉल करने वाले ने बात न मानने पर विधायक के पूरे परिवार को उड़ाने की धमकी तक दे डाली। यानी फोन सीमा पार से था, लेकिन निशाना सीधे मथुरा में बैठे जनप्रतिनिधि और उनका परिवार था।
घटना के बाद विधायक ने एसएसपी श्लोक कुमार से शिकायत की। पुलिस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर कॉल की जांच, नंबर के स्रोत और धमकी देने वाले की पहचान खंगालने में जुट रही है।
अब सवाल सिर्फ एक धमकी भरे फोन का नहीं, बल्कि यह है कि सीमा पार बैठा कोई व्यक्ति भारत में बैठे जनप्रतिनिधि तक पहुंचकर खुलेआम धमकी देने की हिम्मत कैसे कर रहा है? पुलिस जांच बताएगी कि धमकी देने वाला वास्तव में किसी आतंकी संगठन से जुड़ा है या उसकी आड़ लेकर डर का खेल खेल रहा है।












