राजा भैया के हस्तक्षेप से धारूपुर गांव की राह हुई आसान
संवाददाता पवन कुमार पांडे बाघराय
ग्रामीणों की समस्या पर तत्काल संज्ञान, मौके पर पहुंचे अधिकारी; सड़क की नाप-जोख शुरू, आरसीसी रोड निर्माण को मिली मंजूरी
बाघराय/प्रतापगढ़। विकास खंड विहार अंतर्गत ग्राम सभा धारूपुर के ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही सड़क संबंधी समस्या अब दूर होने की उम्मीद जगी है। ग्राम प्रधान आकाश सिंह ने ग्रामीणों की समस्या को जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री कुंवर रघुराज प्रताप सिंह ‘राजा भैया’ के संज्ञान में पहुंचाया।मामले की जानकारी मिलते ही राजा भैया ने तत्काल संबंधित अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करते हुए रास्ता बनाए जाने के निर्देश दिए। इसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थल का निरीक्षण किया और सड़क की नाप-जोख एवं लंबाई-चौड़ाई का कार्य शुरू कर दिया।बताया जा रहा है कि धारूपुर गांव की सड़क को गंगा एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन से जोड़ने की दिशा में कार्रवाई शुरू हो गई है। साथ ही गांव में आरसीसी रोड निर्माण को भी मंजूरी मिल गई है। सड़क के निर्माण और सर्विस लेन से जुड़ जाने के बाद ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद है। इससे गांव की कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी।
ग्रामीणों ने इस पहल पर खुशी जताते हुए कहा कि उनकी लंबे समय से चली आ रही समस्या को प्राथमिकता के साथ अधिकारियों तक पहुंचाया गया, जिसके बाद मौके पर कार्रवाई शुरू हुई। आरसीसी रोड निर्माण की मंजूरी मिलने से ग्रामीणों में विशेष उत्साह है।ग्राम प्रधान आकाश सिंह ने भी ग्रामीणों की ओर से इस पहल के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सड़क की समस्या के समाधान की दिशा में शुरू हुई कार्रवाई से ग्रामीणों को काफी राहत मिली है।फिलहाल मौके पर सड़क की पैमाइश का कार्य जारी है। आरसीसी रोड निर्माण की मंजूरी मिलने के बाद अब ग्रामीणों की निगाहें निर्माण कार्य शुरू होने की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।
ये भी पढ़ें प्रतापगढ़ अजगरा पहल संवाद-26 टॉप-8 में पहुंचीं कोहंडौर की आस्था, फाइनल में दिखाएंगी तर्क का दम












