सांप के डसने से 6 वर्षीय मासूम की मौत, पांच माह पहले सड़क हादसे में हुई थी पिता की मौत
जिला संवाददाता अमित शुक्ला
मानिकपुर/प्रतापगढ़। नगर पंचायत मानिकपुर के चौका पारपुर स्थित मुन्ना का पुरवा निवासी गुड्डू मौर्य के छह वर्षीय पुत्र अभिनव मौर्य की शनिवार शाम सांप के डसने से मौत हो गई। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां पूनम का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया गया कि अभिनव तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। करीब पांच माह पहले ही उसके पिता गुड्डू मौर्य की सड़क हादसे में मौत हो चुकी थी। पिता की मौत के बाद परिवार अभी उस सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि मासूम बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
घटना की सूचना मिलने पर मानिकपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना अध्यक्ष पंकज राय ने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।












