एटा रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर घायल, चालक फरार
संवाददाता योगेन्द्र सिंह
थाना अवागढ़ क्षेत्र अंतर्गत एटा–टूंडला मार्ग पर शुक्रवार दोपहर बाद एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अवागढ़ बाईपास नहर के समीप तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मोटरसाइकिल बस के नीचे फंसकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल युवक की पहचान शनि पुत्र महावीर सिंह निवासी नगला मोती, थाना अवागढ़, जनपद एटा के रूप में हुई है। वह अपनी मां को ननिहाल छोड़कर बाइक से एटा लौट रहा था। इसी दौरान आगरा की ओर से आ रही अनियंत्रित रोडवेज बस ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के बाद बाइक बस के बीचो-बीच फंस गई। चालक ने आनन-फानन में ब्रेक लगाकर बस रोकी, लेकिन मौके पर बस छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को अवगत कराया।
सूचना पर पहुंची अवागढ़ पुलिस ने घायल युवक को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अवागढ़ में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने युवक को मेडिकल कॉलेज एटा रेफर कर दिया।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है तथा फरार बस चालक की तलाश की जा रही है।












