एटा: जवाहरपुर तापीय विद्युत परियोजना जनपद के विकास और प्रदेश की ऊर्जा आत्मनिर्भरता का बनेगी मजबूत आधार, जिलाधिकारी

एटा: जवाहरपुर तापीय विद्युत परियोजना जनपद के विकास और प्रदेश की ऊर्जा आत्मनिर्भरता का बनेगी मजबूत आधार, जिलाधिकारी

संवाददाता योगेंद्र सिंह

एटा। जनपद एटा के मलावन स्थित जवाहरपुर तापीय विद्युत परियोजना का जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इला मारन जी. एवं तहसील सदर प्रशासन के अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने परियोजना प्रबंधन के वरिष्ठ अधिकारियों एवं अभियंताओं के साथ बैठक कर विद्युत उत्पादन, परियोजना की वर्तमान संचालन व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधों तथा भविष्य की कार्ययोजना के संबंध में विस्तार से जानकारी प्राप्त की।जिलाधिकारी ने मुख्य कंट्रोल रूम पहुंचकर चीफ इंजीनियर एवं अधीक्षण अभियंताओं के साथ प्लांट की कार्यप्रणाली का गहन अवलोकन किया। इस दौरान परियोजना के अधिकारियों ने प्लांट की स्थापना, निर्माण प्रक्रिया, विद्युत उत्पादन क्षमता, वर्तमान उत्पादन की स्थिति, पारेषण व्यवस्था तथा मशीनों एवं उपकरणों के संचालन और रखरखाव के संबंध में विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। अधिकारियों ने परियोजना के 3डी मॉडल के माध्यम से प्लांट की भौगोलिक संरचना एवं उत्पादन प्रणाली की भी जानकारी दी।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सेंट्रल कंट्रोल रूम, स्विच यार्ड, टरबाइन, जनरेटर, मॉडल रूम सहित विभिन्न महत्वपूर्ण इकाइयों का अवलोकन किया तथा विद्युत उत्पादन की पूरी प्रक्रिया को समझा। साथ ही प्लांट की आंतरिक एवं बाहरी सुरक्षा व्यवस्था, आपातकालीन प्रबंधन और सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता के संबंध में भी जानकारी ली।जिलाधिकारी ने कहा कि जवाहरपुर तापीय विद्युत परियोजना जनपद एटा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण एवं महत्वाकांक्षी परियोजना है। यह परियोजना न केवल प्रदेश की ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति एवं ऊर्जा आत्मनिर्भरता को मजबूती प्रदान कर रही है, बल्कि जनपद के आर्थिक एवं औद्योगिक विकास के लिए भी नए अवसरों का आधार तैयार कर रही है। परियोजना के प्रारंभ होने से एटा की औद्योगिक पहचान को नई मजबूती मिली है तथा सीमेंट फैक्ट्री सहित अन्य बड़ी औद्योगिक परियोजनाओं की स्थापना हुई है। भविष्य में निवेश की अन्य संभावनाओं को भी प्रोत्साहन मिलेगा। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ने के साथ-साथ जनपद की अर्थव्यवस्था को भी गति मिलेगी।उन्होंने मुख्य अभियंता को निर्देशित किया कि विद्युत उत्पादन एवं पारेषण व्यवस्था में गुणवत्ता, दक्षता और निरंतरता बनाए रखी जाए तथा सभी तकनीकी एवं सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सीआईएसएफ के वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चौकस रखी जाए। सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की स्पष्ट जानकारी हो तथा किसी भी आकस्मिक परिस्थिति से निपटने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया एवं आवश्यक वैकल्पिक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित रहें।जिलाधिकारी ने कहा कि परियोजना परिसर में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सुरक्षा के साथ-साथ पर्यावरणीय मानकों का पालन भी सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखा जाए। उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिए कि प्लांट के आसपास 8 किलोमीटर की परिधि में आने वाले क्षेत्रों में सीएसआर मद से आवश्यक जनहितकारी एवं विकासपरक कार्य कराए जाएं। उन्होंने कहा कि परियोजना का लाभ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों एवं स्थानीय नागरिकों तक पहुंचना चाहिए। स्थानीय क्षेत्र का विकास एवं जनसुविधाओं का विस्तार भी परियोजना प्रबंधन का सामाजिक एवं नैतिक दायित्व है।

निरीक्षण के दौरान तहसीलदार गरिमा सिंह, परियोजना मुख्य अभियंता अरविंद मिश्रा, अधीक्षण अभियंता एस एन भास्कर, सीआईएसएफ के अखिलेश मिश्रा एवं अधिशाषी अभियंता अभय सिंह, मोहित कुमार, एस के वर्मा सहित परियोजना के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें