छज्जे से फिसलकर गिरे लैब सहायक, छत से गिरने पर दर्दनाक मौत

छज्जे से फिसलकर गिरे लैब सहायक, छत से गिरने पर दर्दनाक मौत

संवाद दाता: पंकज मिश्रा मैनपुरी

मैनपुरी जनपद के करहल कस्बे में रविवार शाम एक हृदयविदारक हादसा हो गया। जैन इंटर कॉलेज के समीप स्थित मकान में रहने वाले 28 वर्षीय भूपेंद्र सिंह यादव उर्फ नितिन की छत से गिरकर दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब वह घर के छज्जे पर हाथ-मुंह धो रहे थे। परिजनों के अनुसार, रविवार शाम नितिन घर पर मौजूद थे। पत्नी द्वारा खाना खाने के लिए कहने पर वह हाथ-मुंह धोने छज्जे पर गए। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया, संतुलन बिगड़ा और वह छत से नीचे गिर पड़े। गिरने की तेज आवाज सुनकर परिजन व आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े। गंभीर रूप से घायल अवस्था में नितिन को तत्काल सैफई मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
बताया गया है कि मृतक भूपेंद्र सिंह यादव मूल रूप से जनपद इटावा के थाना सैफई क्षेत्र के ग्राम अतिराजपुर के निवासी थे और सैफई मेडिकल कॉलेज में लैब सहायक के पद पर कार्यरत थे। वह अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र थे और पूरे परिवार की जिम्मेदारी उन्हीं पर थी। करीब चार वर्ष पूर्व उनका विवाह आरती देवी से हुआ था। दंपती का एक छोटा बेटा भी है। असामयिक मौत से पत्नी आरती देवी का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं माता-पिता गहरे सदमे में हैं।

पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव को उनके पैतृक गांव अतिराजपुर ले जाया गया, जहां शव पहुंचते ही गांव में कोहराम मच गया। पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें