बच्ची की आंखों में मिर्ची स्प्रे डालकर बदमाश 20 लाख की लूट ले उड़े
संवाददाता: पंकज मिश्रा मैनपुरी जनपद के थाना किशनी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पृथ्वीपुर में दिनदहाड़े एक सनसनीखेज लूट की वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। बेखौफ बदमाशों ने घर में अकेली टीवी देख रही एक मासूम बच्ची को निशाना बनाते हुए उसकी आंखों में मिर्ची स्प्रे डाल दिया और घर में रखे करीब 20 लाख रुपये मूल्य के जेवरात व नकदी लूटकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, घटना के समय बच्ची घर में अकेली थी। तभी अचानक बदमाश घर में घुसे और बच्ची पर हमला कर दिया। मिर्ची स्प्रे पड़ते ही बच्ची दर्द से चीखने-चिल्लाने लगी, लेकिन तब तक बदमाश वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो चुके थे। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी।
सूचना मिलते ही किशनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पीड़ित परिवार से पूछताछ की जा रही है। बच्ची की हालत बिगड़ने पर उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
दिनदहाड़े हुई इस बड़ी लूट की घटना से पूरे गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और बदमाशों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस ने जल्द ही घटना के खुलासे का दावा किया है।
ये भी पढ़ें छज्जे से फिसलकर गिरे लैब सहायक, छत से गिरने पर दर्दनाक मौत












