प्रतापगढ़ में रिश्तों का कत्ल: दो भाइयों ने दोस्त के साथ मिलकर छोटे भाई को मार डाला, पांच दिन बाद गड्ढे में मिला शव

प्रतापगढ़ में रिश्तों का कत्ल: दो भाइयों ने दोस्त के साथ मिलकर छोटे भाई को मार डाला, पांच दिन बाद गड्ढे में मिला शव

भाभी से प्रेम-प्रसंग के शक में गला घोंटकर हत्या का आरोप, दोस्त की निशानदेही पर बरामद हुआ शव

संवाददाता प्रतापगढ़। संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के प्रतापपुर गांव में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां दो सगे भाइयों ने अपने दोस्त के साथ मिलकर छोटे भाई की गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या के पीछे बड़ी भाभी के साथ प्रेम-प्रसंग का शक बताया जा रहा है। वारदात के बाद शव को घर से करीब 200 मीटर दूर एक गड्ढे में फेंक दिया गया। पांच दिन से लापता 24 वर्षीय बृजेंद्र सिंह का शव सोमवार शाम करीब 5:30 बजे पुलिस ने बरामद किया।

पुलिस ने मृतक के दोस्त नीरज सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने मृतक के बड़े भाइयों वीरेंद्र सिंह और दिलीप सिंह के साथ मिलकर हत्या करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

खेत की रखवाली के लिए निकला था घर से

प्रतापपुर गांव निवासी बृजेंद्र सिंह 27 अक्टूबर की रात खेत की रखवाली करने के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। अगले दिन परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की। कोई सुराग नहीं मिलने पर बड़े भाई वीरेंद्र सिंह की तहरीर पर पुलिस ने 28 अक्टूबर को गुमशुदगी दर्ज की।

29 अक्टूबर को गांव में नहर की पुलिया के पास पुलिस को बृजेंद्र का मोबाइल फोन मिला। इसके बाद पुलिस ने जांच तेज करते हुए उसके दोस्त नीरज सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

दोस्त की निशानदेही पर गड्ढे से मिला शव

सोमवार को नीरज सिंह की निशानदेही पर पुलिस गांव पहुंची। घर से करीब 200 मीटर दूर एक गड्ढे में बृजेंद्र का शव बरामद हुआ। पूछताछ में नीरज ने बताया कि उसने वीरेंद्र सिंह और दिलीप सिंह के साथ मिलकर बृजेंद्र की गला घोंटकर हत्या की थी। हत्या की वजह बड़ी भाभी के साथ प्रेम-प्रसंग का शक बताया गया है।

पांच भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था बृजेंद्र

बृजेंद्र पांच भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। उसके चार भाइयों और बहन की शादी हो चुकी है। परिवार खेती-किसानी और मजदूरी कर जीवनयापन करता है। बृजेंद्र प्राइवेट नौकरी करता था। रक्षाबंधन पर वह घर आया था।

करीब एक महीने पहले वह परिजनों को बिना बताए नौकरी की तलाश में राजस्थान चला गया था। वहां हाथ फ्रैक्चर होने के बाद वह वापस घर लौट आया था और खेती-किसानी में परिवार का हाथ बंटा रहा था। उसकी मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मचा है।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें