प्रतापगढ़ MD ड्रग के साथ पूर्व जिला पंचायत सदस्य गिरफ्तार, अंतू पुलिस का बड़ा एक्शन
MD ड्रग तस्करी के नेटवर्क पर पुलिस का प्रहार, 8.4 ग्राम नशीले पदार्थ के साथ क्रेटा कार सवार दबोचा गया
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा प्रतापगढ़। जनपद में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार एवं तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अंतू पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने MD ड्रग के साथ पूर्व जिला पंचायत सदस्य अब्दुल रहमान उर्फ नान्हू को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन एवं थाना प्रभारी अभिषेक सिरोही के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। चौकी प्रभारी गड़वारा सचिन यादव अपनी टीम के साथ शुकुलपुर चौराहे पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की क्रेटा कार सवार अब्दुल रहमान उर्फ नान्हू को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 8.4 ग्राम अवैध MD ड्रग बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी अंतू थाना क्षेत्र के आमऊ ककरहा गांव का निवासी है और पूर्व में जिला पंचायत सदस्य रह चुका है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने MD ड्रग पट्टी से लाने की बात स्वीकार की है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार करने के बाद जेल भेज दिया। इस कार्रवाई को अंतू क्षेत्र में सक्रिय MD ड्रग कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।











