शादी समारोह के बाद कार हटाने को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, फायरिंग में दो घायल
लाइसेंसी बंदूक से गोली चलाने का आरोप, पथराव में महिला का सिर फटा; गंभीर घायल युवक प्रयागराज रेफर
कुंडा, प्रतापगढ़। कोतवाली क्षेत्र के सुजौली गांव में रविवार को शादी समारोह के बाद कार हटाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट और पथराव हुआ। आरोप है कि इसी दौरान लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग की गई, जिसमें दो लोग घायल हो गए। वहीं, पथराव के दौरान एक महिला के सिर में गंभीर चोट आई।
जानकारी के अनुसार, गांव में शादी के बाद रविवार को वलीमे का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद रास्ते में खड़ी रिश्तेदारों की कार हटाने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों ओर से लोग आमने-सामने आ गए और मारपीट के साथ पथराव शुरू हो गया। इसी दौरान गोली चलने से दो लोग घायल हो गए।
घटना में गंभीर रूप से घायल युवक को स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। दूसरे पक्ष के भी कई लोगों के घायल होने की सूचना है।
घटना की जानकारी मिलते ही सीओ शिवनारायण वैश, कोतवाली प्रभारी अरविंद सिंह और अपराध निरीक्षक संजय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली।
पीड़ित पक्ष की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।











