लालगंज में करंट की चपेट में आने से संविदा लाइनमैन की मौत, परिवार में मचा कोहराम
संवाददाता सदानंद द्विवेदी प्रतापगढ़। लालगंज क्षेत्र में बिजली के टूटे खंभे की मरम्मत करने के दौरान करंट की चपेट में आने से 45 वर्षीय संविदा लाइनमैन संतोष कौशल की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। परिजन आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए ट्रामा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
संतोष कौशल की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा करते हुए बिजली विभाग से परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग उठाई।
परिजनों का कहना था कि परिवार के सामने अब रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। मौके पर पहुंची पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों को समझाने का प्रयास किया।
इस दर्दनाक हादसे ने बिजली विभाग में कर्मचारियों की सुरक्षा और कार्य के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।











