श्रीराम कथा को लेकर कुंडा में पांच दिन रहेगा रूट डायवर्जन
16 से 20 नवंबर तक सुबह 10 से रात 10 बजे तक लागू रहेगी यातायात व्यवस्था
जिला संवाददाता अमित शुक्ला
कुंडा। बेंती स्थित बाबा बागेश्वरनाथ धाम में प्रस्तावित श्रीराम कथा को लेकर पुलिस प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए व्यापक रूट डायवर्जन लागू करने का निर्णय लिया है। 16 से 20 नवंबर तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक कुंडा क्षेत्र में यह व्यवस्था प्रभावी रहेगी।
कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने प्रमुख मार्गों और चौराहों पर बैरियर लगाने के साथ वाहनों के आवागमन के लिए वैकल्पिक व्यवस्था तैयार की है। बाबूगंज, मझिलगांव, कबड़ियागंज, तिलौरी मोड़, करेंटी अंडरपास, बेंती अंडरपास और गांधीनगर तिराहे सहित प्रमुख स्थानों पर बैरियर लगाए जाएंगे।
यातायात व्यवस्था के तहत भारी एवं व्यावसायिक वाहनों के कुंडा कस्बे में प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। वहीं ई-रिक्शा, ऑटो और छोटे वाहनों के संचालन के लिए अलग-अलग प्वाइंट निर्धारित किए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को आवागमन में कम से कम परेशानी हो।
पुलिस प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि डायवर्जन के दौरान निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें, बैरियर और पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
श्रीराम कथा के दौरान कुंडा क्षेत्र में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अनावश्यक रूप से वाहन लेकर भीड़ वाले क्षेत्रों में न जाएं और यात्रा के दौरान निर्धारित मार्गों का ही इस्तेमाल करें।











