पुरानी रंजिश में युवक पर जानलेवा हमला, लोहे की रॉड और हॉकी से पीटकर किया लहूलुहान

पुरानी रंजिश में युवक पर जानलेवा हमला, लोहे की रॉड और हॉकी से पीटकर किया लहूलुहान

सुनसान रास्ते पर घेरकर हमला करने का आरोप, बीच-बचाव करने पहुंचे परिजनों को भी पीटा; गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर

संग्रामगढ़, प्रतापगढ़। थाना संग्रामगढ़ क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि सुनसान रास्ते पर पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने युवक को घेरकर लोहे की रॉड और हॉकी से बेरहमी से पीट दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। आरोप है कि घटना के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों के साथ भी मारपीट की गई। घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल प्रतापगढ़ रेफर किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूरे गौरी अरौ निवासी कृष्णानंद तिवारी पुत्र स्वर्गीय रामसजीवन तिवारी बुधवार, 11 नवंबर की शाम करीब सात बजे अपनी दुकान बंद कर पत्नी सुनीता तिवारी के साथ घर लौट रहे थे। आरोप है कि रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे घनश्याम तिवारी, धीरेन्द्र तिवारी, अवनेन्द्र तिवारी सहित चार-पांच अज्ञात लोगों ने उन्हें सुनसान स्थान पर घेर लिया। इसके बाद गाली-गलौज करते हुए लोहे की रॉड और हॉकी से हमला कर दिया। हमले में कृष्णानंद गंभीर रूप से घायल हो गए और आरोपी उन्हें लहूलुहान हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए।

कुछ देर बाद रास्ते से गुजर रहे लोगों ने युवक को बेहोशी की हालत में पड़ा देखा और इसकी सूचना परिजनों को दी। परिजन मौके पर पहुंचे तो आरोप है कि हमलावर दोबारा वहां आ गए और उनके साथ भी मारपीट की। इस दौरान परिवार के कई लोगों को चोटें आईं। गंभीर रूप से घायल कृष्णानंद को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संग्रामगढ़ पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल प्रतापगढ़ रेफर कर दिया।

पुराने मुकदमे की रंजिश में हमले का आरोप

पीड़ित पक्ष ने हमले के पीछे वर्ष 2022 से चली आ रही पुरानी रंजिश को वजह बताया है। परिजनों के अनुसार, 18 जुलाई 2022 को पीड़ित के भाई प्रदीप तिवारी की बेटी के साथ छेड़छाड़ की घटना को लेकर सचिन तिवारी पुत्र घनश्याम तिवारी के खिलाफ थाना संग्रामगढ़ में मुकदमा दर्ज कराया गया था। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि इसी मुकदमे की रंजिश को लेकर विपक्षी लगातार विवाद और परेशान करने की घटनाएं करते रहे हैं।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़ित पक्ष के मुताबिक, पुलिस घनश्याम तिवारी और धीरेन्द्र तिवारी को पूछताछ के लिए थाना संग्रामगढ़ ले गई। फिलहाल मामले में पुलिस जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई का इंतजार है। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें