“घर में सो रहा था बेटा, फिर भी दर्ज हुआ मुकदमा” माँ रोकर हो रही अचेत प्रशासन से निष्पक्ष जाँच की माँग

“घर में सो रहा था बेटा, फिर भी दर्ज हुआ मुकदमा” माँ रोकर हो रही अचेत प्रशासन से निष्पक्ष जाँच की माँग

संवाददाता धीरेंद्र कुमार रायबरेली (ऊँचाहार): ऊँचाहार क्षेत्र के नाथीपुर मजरे रामचंद्रपुर में बीते दिनों ट्रेन की चपेट में आने से हुई एक व्यक्ति की दुखद मृत्यु का मामला अब राजनीतिक और सामाजिक तूल पकड़ता जा रहा है। इस प्रकरण में निर्दोष लोगों को फंसाए जाने और पीड़ित परिवारों को लगातार मिल रही धमकियों को लेकर क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

राजनीतिक साजिश के तहत एफआईआर दर्ज कराने का आरोप

क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्य आदर्श कुमार बाजपेई ने इस घटना पर गंभीर सवाल उठाते हुए इसे एक सोची-समझी राजनीतिक साजिश करार दिया है। उन्होंने बताया कि दुखद दुर्घटना के कुछ ही घंटों बाद संगठनों और जातीय दबाव के चलते पुलिस पर दबाव बनाकर कई निर्दोष लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया गया। श्री बाजपेई के अनुसार, जब उन्होंने नामजद लोगों के परिजनों से संपर्क कर वस्तुस्थिति का जायजा लिया, तो स्पष्ट हुआ कि फंसाए गए सभी व्यक्ति पूरी तरह निर्दोष हैं और घटना के समय मौके पर मौजूद भी नहीं थे। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि पूर्व प्रधान को निशाना बनाने की कोशिशें पहले भी कई बार हो चुकी हैं, यहाँ तक कि पूर्व में उन पर हमले के लिए शूटर तक बुलाए गए थे।

घर में मौजूद थे परिजन, बेवजह फंसाया गया

प्रकरण में नामजद सूर्यकांत की माता प्रेमा देवी ने बिलखते हुए बताया कि घटना के समय उनका बेटा घर के भीतर सो रहा था। इसके बावजूद रंजिशन और दबाव में आकर पुलिस ने निर्दोष लोगों को इस मामले में घसीट लिया है।

महिलाओं और स्कूली बच्चियों को मिल रही धमकियां, दहशत में परिवार

मामले की गंभीरता तब और बढ़ गई जब प्रभावित परिवारों की महिलाओं और बच्चों ने भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं पर गंभीर आरोप लगाए। परिजनों का कहना है कि पिछले दो-तीन दिनों से संगठन से जुड़े कुछ लोग लगातार गांव में आ रहे हैं और खुलेआम धमका रहे हैं। आरोप है कि धमकी दी जा रही है कि यदि घर के पुरुष नहीं मिलते हैं, तो घर की महिलाओं और बच्चों को घसीटकर पीटा जाएगा और उनसे घर खाली करा लिया जाएगा।

हालात इस कदर भयावह हैं कि घर की छोटी बच्चियों को स्कूल जाते समय भी डराया-धमकाया जा रहा है। लगातार मिल रही इन धमकियों से परिवार के सदस्य इस कदर सहमे हुए हैं कि रो-रोकर महिलाओं की हालत बिगड़ रही है और वे अचेत हो रही हैं।

प्रशासन से निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की गुहार

भय के साये में जी रहे पीड़ित परिवारों और ग्रामीणों ने जिला व पुलिस प्रशासन से इस पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। परिजनों ने गुहार लगाई है कि निर्दोष लोगों के नाम मुकदमे से तत्काल हटाए जाएं और गांव में दहशत फैलाकर महिलाओं व बच्चों को धमकाने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई कर परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें