प्रतापगढ़ में पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, आठ निरीक्षक और उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र बदले
एसपी दीपक भूकर ने तत्काल प्रभाव से जारी किया स्थानांतरण आदेश, कई थानों को मिले नए थानाध्यक्ष
प्रतापगढ़। जनपद की कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर ने पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल किया है। एसपी ने आठ निरीक्षक और उपनिरीक्षकों को तत्काल प्रभाव से उनके नाम के सम्मुख अंकित स्थानों पर स्थानांतरित कर दिया है। इस फेरबदल में कई थानों के थानाध्यक्षों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार निरीक्षक दीप नारायण को थाना उदयपुर के प्रभारी निरीक्षक पद से हटाकर पुलिस लाइन भेजा गया है। उनका स्थानांतरण गैर जनपद के लिए किया गया है।
वहीं, उपनिरीक्षक रोहित सिंह को चौकी प्रभारी चिलबिला, थाना कोतवाली नगर से थानाध्यक्ष कोहंडौर बनाया गया है। अनुपम त्रिपाठी को कोहंडौर से मान्धाता थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसी क्रम में धनन्जय राय को मान्धाता से आसपुर देवसरा, राकेश कुमार चौरसिया को आसपुर देवसरा से बाघराय तथा श्रवण कुमार को बाघराय से देल्हूपुर थानाध्यक्ष बनाया गया है।
इसके अलावा राधेश्याम को देल्हूपुर से लीलापुर और वारिज कसेरा को लीलापुर से उदयपुर थाने की कमान सौंपी गई है।
पुलिस अधीक्षक की ओर से जारी स्थानांतरण आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है। इस फेरबदल के बाद संबंधित थानों की कमान नए अधिकारियों के हाथों में होगी।











