राम वन गमन पथ पर लापरवाही बनी हादसे की वजह, सीमेंट ब्लॉक्स से टकराईं दो बाइकें; तीन लोग गंभीर घायल

राम वन गमन पथ पर लापरवाही बनी हादसे की वजह, सीमेंट ब्लॉक्स से टकराईं दो बाइकें; तीन लोग गंभीर घायल

कोहरे और धुंध में दिखाई नहीं दे रहे सड़क पर रखे ब्लॉक, रेडियम पट्टी व चेतावनी संकेतक न होने से बढ़ रहा दुर्घटनाओं का खतरा

बाघराय, प्रतापगढ़। राम वन गमन पथ पर सड़क सुरक्षा के इंतजामों में लापरवाही राहगीरों के लिए खतरा बनती जा रही है। बाघराय थाना क्षेत्र के बिहार ब्लॉक अंतर्गत नेवादा ग्रामसभा स्थित बस स्टॉप के पास सड़क पर अव्यवस्थित तरीके से रखे गए सीमेंट के रोड ब्लॉक मंगलवार को हादसे की वजह बन गए। यहां दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई, जिसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक, हादसे में नेवादा ग्रामसभा निवासी कुलदीप पुत्र मेवालाल तथा उमरी बुजुर्ग, जेठवारा निवासी अनिल सिंह और उनकी पत्नी नीतू सिंह घायल हो गए। दुर्घटना के बाद अनिल सिंह और नीतू सिंह के परिजन उन्हें बेहतर उपचार के लिए प्रयागराज ले गए।

वहीं, कुलदीप के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना पर सकरदहा मोड़ चौकी प्रभारी सत्यम तिवारी ने तत्परता दिखाई। उन्होंने एंबुलेंस का इंतजार किए बिना डायल 112 की सहायता से घायल को तत्काल बाघराय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचवाया।

कोहरे में नजर नहीं आते सीमेंट के ब्लॉक

स्थानीय लोगों का कहना है कि राम वन गमन पथ पर रखे गए सीमेंट के ब्लॉक्स पर न तो रेडियम पट्टी लगाई गई है और न ही पर्याप्त रिफ्लेक्टर या चेतावनी संकेतक लगाए गए हैं। ऐसे में सर्दी के मौसम में कोहरे और धुंध के दौरान वाहन चालकों को दूर से ये ब्लॉक दिखाई नहीं देते। परिणामस्वरूप आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।

जिम्मेदार विभाग और कार्यदायी संस्था पर उठे सवाल

हादसे के बाद सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। आखिर सड़क पर रखे गए इन सीमेंट ब्लॉक्स को सुरक्षित तरीके से व्यवस्थित क्यों नहीं किया गया? क्या संबंधित विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है? राहगीरों की सुरक्षा के लिए अब तक जरूरी इंतजाम क्यों नहीं किए गए?

स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग और कार्यदायी संस्था से मांग की है कि सीमेंट ब्लॉक्स को तत्काल नियमानुसार व्यवस्थित कराया जाए। साथ ही उन पर रेडियम पट्टी, रिफ्लेक्टर और चेतावनी संकेतक लगाए जाएं, ताकि कोहरे के दौरान भी वाहन चालकों को सड़क पर मौजूद अवरोध स्पष्ट दिखाई दें और भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

रिपोर्टर: बृजेंद्र शर्मा | दैनिक चक्र न्यूज

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें