पुरानी रंजिश में व्यापारी दंपति पर हमला, लाठी-डंडों से की गई जमकर पिटाई
प्रतापगढ़। संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के पूरे गौरी नेवढ़िया गांव में बुधवार की रात पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है। दुकान बंद कर घर लौट रहे किराना व्यापारी कृष्णानंद तिवारी और उनकी पत्नी पर पड़ोसियों ने रास्ते में हमला कर दिया। घर से करीब 200 मीटर पहले हुई इस मारपीट में व्यापारी दंपति घायल हो गए। वहीं, दूसरे पक्ष की एक महिला के भी घायल होने की सूचना है।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी सिद्धार्थ सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए सीएचसी संग्रामगढ़ में भर्ती कराया।
बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच करीब एक सप्ताह पहले भी विवाद हुआ था। उसी पुरानी रंजिश को इस घटना की वजह माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
ब्यूरो चीफ प्रतापगढ़ महेश शुक्ला की रिपोर्ट











