रिखैयापुर के ऐतिहासिक मां काली धाम में विधि-विधान से शुरू हुआ मंदिर निर्माण

रिखैयापुर के ऐतिहासिक मां काली धाम में विधि-विधान से शुरू हुआ मंदिर निर्माण

 

जिला संवाददाता अमित शुक्ला

 

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ भूमि पूजन, मां काली और भैरव बाबा के बनेंगे भव्य मंदिर

कुंडा/प्रतापगढ़। बाबागंज विकासखंड की ग्राम पंचायत राजापुर के रिखैयापुर स्थित ऐतिहासिक मां काली धाम में शनिवार को मंदिर निर्माण कार्य का विधि-विधान से शुभारंभ हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के बीच भूमि पूजन कर मंदिर निर्माण की नींव रखी गई। मंदिर निर्माण शुरू होने से ग्रामीणों में उत्साह और खुशी का माहौल है।

शुभ अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार रूपेंद्र शुक्ला के मार्गदर्शन में गांव के गणमान्य लोगों और श्रद्धालुओं की मौजूदगी में विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न हुई। पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन कराया गया। इसके बाद नारियल फोड़कर निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया।

पूजन कार्यक्रम में रामदुलारे द्विवेदी, मुन्नू, धनंजय तिवारी ‘गोलू’, अजय यादव, अंजू, दिनेश सरोज सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। वहीं राजा दिलीप प्रजापति, प्यारेलाल, चंदन प्रजापति, रोहित यादव और राकेश प्रजापति सहित अन्य लोगों ने पूजा-पाठ में सहभागिता की।

मां काली धाम परिसर में दो भव्य मंदिरों का निर्माण कराया जाएगा। इनमें एक मंदिर मां काली और दूसरा भैरव बाबा को समर्पित होगा। ग्रामीणों के अनुसार यह स्थल वर्षों से क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है, जहां दूर-दराज से श्रद्धालु दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं।

मंदिर निर्माण का कार्य नैमिषारण्य से आए कुशल कारीगरों और मिस्त्रियों द्वारा कराया जा रहा है। निर्माण समिति के सदस्यों ने बताया कि मंदिर का निर्माण पारंपरिक शैली में कराया जाएगा, जिसमें सनातन संस्कृति की झलक के साथ आवश्यक आधुनिक सुविधाओं का भी ध्यान रखा जाएगा।

वरिष्ठ पत्रकार रूपेंद्र शुक्ला ने कहा कि मां काली धाम का ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व है। ग्रामीणों की आस्था, सहयोग और सामूहिक प्रयास से बनने वाला यह मंदिर आने वाले समय में पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बनेगा। उन्होंने कहा कि मंदिर निर्माण में गांव के लोग तन-मन-धन से सहयोग कर रहे हैं।

भूमि पूजन के दौरान पूरा परिसर भक्तिमय माहौल से सराबोर रहा। ग्रामीणों ने कहा कि मंदिर निर्माण पूरा होने के बाद यहां बड़े स्तर पर धार्मिक आयोजन और मेले आयोजित किए जाएंगे, जिससे क्षेत्र के धार्मिक एवं सांस्कृतिक विकास को नई दिशा मिलेगी।

कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया तथा मां काली और भैरव बाबा से क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की गई।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें