55 साल के जय नारायण को रौंदता चला गया डम्पर- सिस्टम पर फिर उठे सवाल

सांगानेर में दूध लेने निकले जय नारायण की लाश लौटी घर – तेज रफ्तार डम्पर ने ली जान

प्रशासन की लापरवाही फिर बनी मौत की वजह

रिपोर्टर: दिनेश प्रजापत

जयपुर: राजधानी जयपुर के सांगानेर इलाके में शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने सभी को दहला दिया। नो एंट्री में घुसे पत्थरों से भरे एक तेज़ रफ्तार डम्पर ने राह चलते एक व्यक्ति को कुचल दिया। मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।

मृतक की पहचान 55 वर्षीय जय नारायण सुईवाल के रूप में हुई है, जो हर दिन की तरह सुबह दूध लेने निकले थे। लेकिन इस बार उनके हाथ में दूध की थैली नहीं, बल्कि उनके परिवार के हाथों में उनका शव पहुंचा। डम्पर ने इतनी तेज़ टक्कर मारी कि उन्हें लगभग 50 मीटर तक घसीटते हुए ले गया।

घटना का कारण बना RJ14 GE 3933 नंबर का डम्पर, जो नो एंट्री के समय शहर में दाखिल हुआ था — जब ऐसे भारी वाहनों पर प्रतिबंध होना चाहिए था। सवाल ये उठता है कि यह डम्पर सांगानेर की सड़कों तक पहुंचा कैसे? क्या ट्रैफिक पुलिस सो रही थी या सब कुछ मिलीभगत से हुआ?

हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोग बड़ी संख्या में एकत्र हो गए और आक्रोश जताया। पत्रकारों द्वारा कवरेज किए जाने पर थाना अधिकारी श्रीनिवास जांगिड़ का रवैया भी शर्मनाक रहा — उन्होंने न सिर्फ एक स्थानीय पत्रकार से अभद्र व्यवहार किया बल्कि कवरेज रोकने का प्रयास भी किया।

डम्पर को जब्त कर लिया गया है, लेकिन ड्राइवर मौके से फरार हो गया — और अब तक उसका कोई सुराग नहीं है। आशंका जताई जा रही है कि आरोपी किसी रसूखदार का करीबी हो सकता है।

जय नारायण की मौत एक और दर्दनाक हादसे की कहानी नहीं, बल्कि शहर में बढ़ती प्रशासनिक लापरवाही का आइना है। अब देखना होगा कि क्या इस बार प्रशासन कोई सख्त कदम उठाएगा, या फिर यह मामला भी फाइलों में दबा दिया जाएगा।

ये भी पढ़ें CG: बेमेतरा शिक्षा विभाग में RTE मैं हो रहा अजब गजब खेल

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें