तेज रफ्तार बाइक ने पैदल व्यक्ति को मारी टक्कर: तीन लोग गंभीर रूप से घायल, मेडिकल कॉलेज में भर्ती
संवाददाता धर्मेंद्र चौहान
एटा। मलावन थाना क्षेत्र के सेंथरी गांव के पास बुधवार को हुए सड़क हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घा
यल हो गए। यह दुर्घटना उस समय हुई जब तेज रफ्तार बाइक सवार ने सड़क पार कर रहे एक पैदल व्यक्ति को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने सड़क पर घायल पड़े लोगों को देखकर तुरंत पुलिस और हाईवे एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मलावन थाना पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को एटा के वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। घायलों की पहचान खेरिया मलावन निवासी रणदीप (33 वर्ष, पुत्र नेम सिंह), शोभित (24 वर्ष, पुत्र नंदकिशोर) और छत्तीसगढ़ के लोरमी थाना क्षेत्र के अख्तर गांव निवासी करन लाल (50 वर्ष) के रूप में हुई है। करन लाल सड़क पार कर रहे थे, तभी बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी।
सेंथरी चौकी प्रभारी आदिल सैफी ने बताया कि बाइक सवार अपने गंतव्य स्थान की ओर जा रहे थे, इसी दौरान एक मजदूर सड़क पार कर रहा था और यह हादसा हो गया। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भिजवाया। फिलहाल तीनों का उपचार मेडिकल कॉलेज में चल रहा है, वहीं बाइक सवारों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए हैं।












