अमेठी से दर्दनाक हादसा: पत्नी की मौत की खबर सुनते ही पति को आया हार्ट अटैक, कुछ ही घंटों के अंतराल में बुझ गया दोनों का जीवनदीप
अमेठी (उत्तर प्रदेश) — अमेठी जिले के जायस थाना क्षेत्र के निखई मोहल्ले में उस वक्त मातम पसर गया जब कुछ ही घंटों के अंतराल में नवविवाहित दंपत्ति की मौत हो गई। खुशियों से भरे घर में अचानक ऐसा सन्नाटा छा गया कि पूरे मोहल्ले की आंखें नम हो गईं।जानकारी के मुताबिक, बीती देर रात महिला को अचानक प्रसव पीड़ा हुई। परिजन उसे आनन-फानन में अमेठी जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए तुरंत एम्स रायबरेली रेफर कर दिया। इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया।पत्नी की मौत की खबर जब घर पहुंची, तो पति यह सदमा सह नहीं सका। बताया जा रहा है कि कुछ ही देर बाद उसे दिल का दौरा (हार्ट अटैक) पड़ा। परिजन तत्काल उसे अस्पताल लेकर गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
देखते ही देखते खुशियों से भरा घर मातम में बदल गया। दोनों के शव जब एक साथ घर पहुंचे, तो चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। आस-पड़ोस के लोग भी इस दर्दनाक घटना से गहरे सदमे में हैं।करीब आठ महीने पहले ही दोनों का विवाह हुआ था। परिवार में नए मेहमान के आने की खुशी थी, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। मोहल्ले में हर कोई यही कह रहा है —
“इतना गहरा रिश्ता था कि मौत ने भी इन्हें जुदा न किया।”












